हल्द्वानी : संघ ने दिया रक्षाबंधन से पहले देश की रक्षा का मंत्र…


राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हल्द्वानी ने आज मंगलवार को रक्षाबंधन उत्सव आयोजित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व आयकर आयुक्त जोगा राम टम्टा ने की। इस दौरान मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य अशोक बेरी ने कहा कि भारत वर्ष उत्सव का देश है। सभी हिंदू भाई ऊंच, नीच और जाति के भेदभाव को त्यागकर एकजुट हो जाएं तभी हम मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सिर्फ छह उत्सव चुना जिसमें एक प्रमुख उत्सव रक्षाबंधन उत्सव है। जो रक्षा का संकल्प दिलाता है।

रक्षाबंधन सिर्फ भाई-बहन का ही उत्सव नहीं अपितु राष्ट्र व समाज की रक्षा का संकल्प है इसलिए परम पवित्र भगवा ध्वज को रक्षा सूत्र बांधते हैं। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ विशाल हिंदू समाज को जागृत करने के लिए रक्षाबंधन जैसे उत्सव को प्रतिवर्ष मनाता है। रक्षा सूत्र में बंधकर एक दूसरे को रक्षा का वचन देते हुए एक विशाल सुदृढ़ समाज का संगठन हो ताकि विधर्मी शक्तियां पराजित हो जाएं।

इससे पहले जिला संघचालक डा. नीलांबर भट्ट , नगर संघचालक विवेक कश्यप, कार्यक्रम अध्यक्ष पूर्व आयकर आयुक्त जोगा राम टम्टा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष शामिल हुए। कार्यक्रम का संयोजन भुवन जोशी और सूरज कार्यक्रम ने किया। वहीं इस दौरान भगवान सहाय, उमेश, जीवन, ललित, कमलेश , तनुज, पंकज, अशोक आदि कई स्वयंसेवक उपस्थित रहे।