

श्रद्धालुओं से भरी बस में अचानक आग लगने से नौ लोगों की जलकर मौत हो गई। हादसा हरियाणा के तावडू उपमंडल की सीमा से गुजर रहे कुंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात हुआ। बस में सवार नौ श्रद्धालु जिंदा जल गए। जबकि 28 लोग बुरी तरह झुलस गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक अचानक चलती बस में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने आग की लपटें उठते देख आग बुझाने का प्रयास किया। वहीं घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड ने बड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया।
यह देखिए वीडियो…
इस हादसे में घायल श्रद्धालु पंजाब और चंडीगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं जो मथुरा और वृंदावन दर्शन कर लौट रहे थे। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
बस में सवार पीड़ित श्रद्धालु ने बताया कि बीते शुक्रवार को एक टूरिस्ट बस किराए पर कर बनारस और मथुरा वृंदावन दर्शन के लिए निकले थे। बस में करीब 60 लोग सवार थे। जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। यह सभी नजदीकी रिश्तेदार थे। जो पंजाब के लुधियाना, होशियारपुर और चंडीगढ़ के रहने वाले थे। शुक्रवार की रात वह दर्शन कर वापस लौट रहे थे। देर रात 1:30 बजे के करीब बस में आग की लपटें दिखाई दीं। उन्होंने बताया कि वह आगे की सीट पर बैठी हुई थीं। किसी तरह स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें निकाल लिया गया।
आग की लपटें देखकर मदद के लिए पहुंचे प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि देर रात करीब 1:30 बजे एक चलती बस में उन्हें आग की लपटें दिखाई दीं। उन्होंने आवाज लगाकर चालक को बस रोकने को कहा लेकिन बस नहीं रुकी। फिर एक युवक ने बाइक पर सवार होकर बस का पीछा किया और चालक को आग लगने की सूचना दी। इसके बाद बस रुकी लेकिन तब तक बस में आग काफी तेज हो चुकी थी।
ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी बहुत देर से पहुंची। तब तक बस में सवार लोग बुरी तरह झुलस चुके थे। जिनमें नौ की मौत हो गई। तावडू सदर थाना पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल भिजवाया।
हादसे की सूचना मिलने के कुछ देर बाद पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया और एसडीएम संजीव कुमार भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया ने बताया कि हादसे में नौ लोगों की मौत हुई है। करीब 28 लोग घायल हैं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस कार्रवाई में जुटी है।
इस दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लगने से जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद पूरी स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल मृतकों की अभी पहचान नहीं हो सकी है।