

नई दिल्ली- लोकसभा चुनाव 2024 का दूसरे चरण का मतदान जारी है। शुक्रवार 26 अप्रैल को देश के 13 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों की 88 सीटों के लिए मतदान जारी है। दूसरे चरण 15.88 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिसमें आठ करोड़ से ज्यादा पुरुष, साढ़े सात करोड़ से ज्यादा महिला और साढ़े पांच हजार से अधिक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
13 राज्यों में केरल की सभी 20 लोकसभा सीटों पर चुनाव हो रहा है। वहीं कर्नाटक की 14, राजस्थान की 13, उत्तर प्रदेश की 8, महाराष्ट्र की 8, मध्य प्रदेश की 6, असम की 5, बिहार की 5, छत्तीसगढ़ की 3, पश्चिम बंगाल की 3 और त्रिपुरा, मणिपुर एवं जम्मू कश्मीर की एक-एक सीट सहित 88 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इसमें मणिपुर बाहरी सीट के तहत कुछ विधानसभा क्षेत्र में लोकसभा के लिए मतदान पहले चरण में हो चुका है। जबकि अन्य विधानसभा क्षेत्र में आज मतदान हो रहा है।

दूसरे चरण की 88 सीटों पर चुनाव लड़ रहे कुल 1202 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी। जिन 88 सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें से कई सीटें ऐसी हैं जहां से दिग्गजों की किस्मत दांव पर लगी है। इनमें वायनाड से पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, 6 केंद्रीय मंत्री, 2 पूर्व मुख्यमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष और कई पूर्व मंत्री शामिल हैं।
राहुल गांधी : पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से एक बार फिर से चुनाव मैदान में हैं।
राजीव चंद्रशेखर बनाम शशि थरूर : केरल की तिरुवनंतपुरम सीट पर सियासी लड़ाई भी दिलचस्प है। कांग्रेस ने यहां से एक बार फिर से शशि थरूर को टिकट दिया है। वहीं, भाजपा ने यहां से केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर को मैदान में उतारा है।
हेमा मालिनी : उत्तर प्रदेश की चर्चित सीटों में शुमार मथुरा से फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी चुनाव लड़ रही हैं। वह तीसरी बार भाजपा के टिकट पर चुनाव में उतरी हैं। उनके सामने इस बार कांग्रेस से मुकेश धनगर और बसपा से सुरेश सिंह की दावेदारी है।
अरुण गोविल : उत्तर प्रदेश की एक और हॉट सीट मेरठ है। जहां से अभिनेता अरुण गोविल किस्मत आजमा रहे हैं। इस चुनाव में अरुण गोविल के सामने सपा से सुनीता वर्मा और बसपा से देवव्रत त्यागी मैदान में हैं।
दानिश अली : उत्तर प्रदेश की अमरोहा सीट भी इस बार चर्चा में है। पिछले चुनाव में इस सीट पर बसपा से चुनाव जीतने वाले दानिश अली इस बार कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। अमरोहा सांसद दानिश अली हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए थे। इस चुनाव में दानिश का सामना भाजपा के कंवर सिंह तंवर और बसपा के मुजाहिद हुसैन से है।
केसी वेणुगोपाल : कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल की दावेदारी ने केरल की अलप्पुझा सीट को चर्चित बना दिया है। एआईसीसी महासचिव (संगठन) और राहुल गांधी के करीबी सहयोगी इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
ओम बिड़ला : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला की उम्मीदवारी से राजस्थान की कोटा सीट भी चर्चित सीटों में शुमार है। यहां से बिड़ला एक बार फिर चुनाव मैदान में हैं। 2024 के चुनाव में ओम बिड़ला का सामना कांग्रेस के प्रह्लाद गुंजल से है।
भूपेश बघेल : छत्तसीगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी दूसरे चरण में मैदान में हैं। बघेल राजनांदगांव सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। वर्तमान में वह पाटन से कांग्रेस के विधायक हैं।
वी. मुरलीधरन : दूसरे चरण में केंद्र सरकार के छह मंत्रियों की किस्मत भी दांव पर लगी है। इनमें एक नाम है विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन। वी. मुरलीधरन केरल की आटिंगल सीट से भाजपा उम्मीदवार हैं। मुरलीधरन महाराष्ट्र से राज्यसभा के सांसद रहे हैं। 2019 में आटिंगल से कांग्रेस के अदूर प्रकाश को सफलता मिली थी। इस बार मुरलीधरन के सामने कांग्रेस से अदूर प्रकाश और माकपा से वी. जॉय हैं।
सीपी जोशी, बीजेपी : इस चुनाव में राजस्थान में चित्तौड़गढ़ लोकसभा सीट की लड़ाई भी दिलचस्प है। बीजेपी ने यहां प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी को चुनावी मैदान में उतारा है जो पिछले दो चुनाव से जीत रहे हैं। वहीं, कांग्रेस ने उदयलाल आंजना को चुनावी रण में भेजा है।
दुष्यंत सिंह : राजस्थान की झालावाड़-बारां सीट पर भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पुत्र दुष्यंत सिंह को उतारा है। इस सीट पर दुष्यंत सिंह का मुकाबला कांग्रेस की उर्मिला जैन भाया से है।
नवनीत राणा : इस चुनाव में लोगों की निगाहें महाराष्ट्र के अमरावती सीट पर भी हैं। बीजेपी ने यहां मौजूदा सांसद नवनीत राणा को मैदान में उतारा है, जो हाल ही में पार्टी में शामिल हुई थीं। इस चुनाव में नवनीत का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार बलवंत वानखेड़े से है।
गजेंद्र सिंह शेखावत : केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत अपनी परंपरागत जोधपुर सीट से एक बार फिर से चुनाव मैदान में हैं। शेखावत यहां से लगातार दो बार जीत दर्ज कर चुके हैं।
वैभव गहलोत : राजस्थान की जालौर सीट पर कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत को उतारा है। वैभव के सामने भाजपा ने लुंबाराम को उतारा है।
तेजस्वी सूर्या : कर्नाटक की बंगलूरू दक्षिण सीट भी चुनावों में प्रतिष्ठित सीट मानी जाती है। यहां से भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने कांग्रेस की सौम्या रेड्डी हैं जो कर्नाटक के परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी की बेटी हैं। मजबूत राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने वाली सौम्या विधायक रह चुकी हैं।