आदमखोर को मारने के आदेश!


तेंदुए की दहशत से जल्द ही गांव वालों को निजात मिल जाएगी। अभी तक तीन लोगों पर हमला कर चुके तेंदुए ने दो महिलाओं को मार डाला। जबकि एक अन्य जख्मी हो गया। वन विभाग ने तेंदुए को मारने की अनुमति दे दी है। जिसके लिए पिनरों में तेंदुए को मारने के लिए विशेषज्ञ डॉ. हिमांशु पांगती और हरीश धामी को टीम के साथ तैनात किया गया है। तेंदुए की दहशत के चलते स्कूल भी बंद पड़े हैं।
बता दें कि भीमताल ब्लॉक के गांवों में इन दिनों खतरा बन चुके तेंदुए को मारने की अनुमति मिल गई है। यहां भीमताल क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिनरों के डोब गांव के साथ पांच अन्य गांवों में वन विभाग की कई टीमें लगातार गश्त कर रही है। हर एक टीम में एक बंदूक धारी तैनात है। हालांकि अब तक बाघ और तेंदुए को लेकर असमंजस बना हुआ है।
यहां बीते चार दिनों में तेंदुए ने तीन लोगों पर हमला किया है। जिसमें मलुवाताल की इंद्रा बेलवाल और पिनरों की पुष्पा देवी की मौत हो गई। तब से वन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। लोगों में वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई है।
जिसके बाद वन विभाग ने घटनास्थल के आस-पास 10 कैमरे और चार पिंजरे लगाए हैं। जिला पंचायत सदस्य अनिल चनौतिया ने कहा कि जल्द आदमखोर को मारना चाहिए। ताकि क्षेत्र में कोई और घटना नहीं घट सके।
वन विभाग के रेंजर मुकुल शर्मा ने बताया कि चार से पांच गांव में गश्त की जा रही है। डीएफओ चंद्र शेखर जोशी ने बताया कि तेंदुए को मारने की अनुमति मिल गई है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिजनों को जल्द मुआवजा दे दिया जाएगा।