नैनीताल: गेठिया के पास खाई में गिरी पर्यटकों की कार! 2 की मौत.. वीडियो…

नैनीताल: नैनीताल जनपद के तल्लीताल क्षेत्र के गेठिया में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, तल्लीताल पुलिस को डायल 112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन कर निकाला बाहर
बताया जा रहा है कि वाहन संख्या यूपी 78 एचजे 4936 कार मुख्य मार्ग से लगभग 100 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई थी। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीमों ने कार में फंसे 4 लोगों को बाहर निकाला।
कार में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। जो जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे में अतुल दुबे (26) और श्याम (30) घायल हो गए, जिन्हें 108 एम्बुलेंस के जरिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, अभिराज (26) और अंकित चौधरी (25) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद बी.डी. पांडे जिला अस्पताल नैनीताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।






