उत्तराखंड दर्दनाक हादसा: यात्रियों को लेकर जा रहा टेंपो ट्रैवलर अलकनंदा में गिरा, नौ की मौत!


रुद्रप्रयाग- उत्तराखंड में बदरीनाथ हाईवे पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने नौ लोगों की जान चली गई। जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली नोएडा से निकले टेंपो ट्रैवलर में 26 यात्री सवार थे। घायलों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हादसे में घायलों को हेलिकॉप्टर से हायर सेंटर ले जाया जा रहा है। गुप्तकाशी से हेलिकॉप्टर रुद्रप्रयाग पहुंचा। चार घायलों को हेलिकॉप्टर से एम्स ले जाया गया है।
हादसा रुद्रप्रयाग शहर से पांच किलोमीटर आगे बदरीनाथ हाईवे पर रैतोली के पास हुआ। एक टेंपो ट्रेवलर अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर नीचे अलकनंदा नदी में जा गिरा। वाहन गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। मदद के लिए यात्री चीखते रहे।
हादसे की खबर मिलते ही तुरंत पुलिस प्रशासन जिला आपदा प्रबंधन, डीडीआरएफ समेत अन्य टीम मौके पर रेस्क्यू कार्य कर रही है। इस यात्रा में कई यात्रियों ने अपने परिजनों और साथियों को खो दिया। कई यात्री गंभीर रूप से घायल है। जिन्हें एयरलिफ्ट किया गया है।
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुःख जताया है। सीएम ने कहा कि टेंपो ट्रैवलर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत पीड़ादायक समाचार प्राप्त हुआ। मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना में दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। उन्होंने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की है।
स्थानीय प्रशासन व SDRF की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है। घायलों को नज़दीकी चिकित्सा केंद्र पर उपचार के लिए भेजा जा रहा है। सीएम ने जिलाधिकारी को घटना के जांच के आदेश दे दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयर लिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश लाया गया है।