बाबा तरसेम सिंह हत्याकांड: तलाशे जा रहे है खालिस्तानी कनेक्शन!


ऊधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता गुरुद्वारा साहिब के डेरा कारसेवा प्रमुख तरसेम सिंह की हत्या करने वाले शूटर सरबजीत सिंह का अब पुलिस आतंकी और खालिस्तानी कनेक्शन खंगाल रही हैं। दोनों शूटरों में सरबजीत सिंह फरार चल रहा है जबकि शूटर अमरजीत सिंह पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है।
पुलिस पंजाब के साथ ही बिहार, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों की पुलिस से संपर्क कर सरबजीत सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड का भी पता लगा रही है। अब तक मिले इनपुट में सरबजीत सिंह पर पंजाब, बिहार और ऊधम सिंह नगर में हत्या, डकैती, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस के 10 से अधिक केस दर्ज हैं। जबकि अन्य राज्यों से भी आपराधिक रिकॉर्ड मिलने के बाद यह संख्या और भी बढ़ सकती है।

बता दें कि 28 मार्च को डेरा कार सेवा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की बाइक सवार दो शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने बाइक सवार शूटर तरनतारन पंजाब के सरबजीत सिंह और अमृतसर पंजाब के अमरजीत सिंह उर्फ बिट्टा समेत पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज कर दिया था। साथ ही शूटरों की तलाश शुरू कर दी थी।
इस दौरान शूटर तो पुलिस के हाथ नहीं चढ़े लेकिन हत्या का षड्यंत्र रचने वाले और राइफल उपलब्ध कराने वाले सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिसमें शाहजहांपुर निवासी दिलबाग सिंह, अमनदीप सिंह उर्फ काला, हरमिंदर उर्फ पिंदी, बलकार सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। राइफल उपलब्ध कराने वाले पीलीभीत निवासी घरगट सिंह, जसपाल सिंह भट्टी उर्फ मिंटू के साथ ही सुल्तान सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
वहीं बीते सोमवार देर रात हरिद्वार के भगवानपुर में हुई मुठभेड़ में शूटर अमरजीत सिंह ढेर हो गया था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अमरजीत सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास रहा था। जिसमें साल 1991 में आतंकी कनेक्शन भी रहा। इस दौरान उसने अपने साथियों के साथ आतंकवादियों को पनाह दी थी और आतंकवादियों के साथ मिलकर खालिस्तान के समर्थन में नारे लगाए थे।
ऐसे में पुलिस का मानना है कि मुठभेड़ में ढेर अमरजीत सिंह उर्फ बिट्टू के फरार चल रहे साथी सरबजीत सिंह का भी आतंकी और खालिस्तानी कनेक्शन हो सकता है। इसके लिए पुलिस टीम उसका आपराधिक इतिहास (रिकॉर्ड) खंगाल रही है। अन्य राज्यों की पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है। फरार चल रहे सरबजीत सिंह पर पुलिस ने एक लाख का ईनाम घोषित किया है।