नैनीताल : गहरी खाई में गिरी बोलोरो! 8 लोगों की मौत…


गहरी खाई में बोलेरो गिरने से आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा नैनीताल जिले के बेतालघाट क्षेत्र के मल्लागांव का बताया जा रहा है। बोलेरो जीप नेपाली मूल के मजदूरों को बेतालघाट से टनकपुर ले जा रही थी तब हादसा हुआ। बता दें कि बीती देर रात हुए हादसे में चालक सहित आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने रात करीब 12 बजे तक रेस्क्यू कर सभी आठ शव बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार, बेतालघाट ब्लाक मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित ऊंचाकोट से सोमवार की रात करीब साढ़े दस बजे नेपाल के करीब दस मजदूर एक बोलेरो जीप बुक कर टनकपुर के लिए रवाना हुए थे। मल्लागांव के पास पहुंचने पर चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही एंबुलेंस, पुलिस टीम और एसडीआरएफ मौके पर पहुंची।
बेतालघाट एसओ अनीस अहमद ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। रात करीब 12 बजे तक बोलेरो चालक बेतालघाट निवासी 38 वर्षीय राजेंद्र कुमार समेत आठ शव खाई से निकाल लिए गए। जबकि दो घायल है। नेपाली मूल के ये मजदूर टनकपुर के लिए निकले थे। ये सभी बेतालघाट में जल जीवन मिशन के तहत चल रहे निर्माण कार्य में मजदूरी करते थे। नेपाली मूल के श्रमिकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
थानाध्यक्ष के अनुसार मृतकों में 50 वर्षीय विश राम चौधरी, 45 वर्षीय धीरज, 40 वर्षीय अनंत राम चौधरी, 38 साल का विनोद चौधरी, 55 वर्षीय उदय राम चौधरी, 45 वर्षीय तिलक चौधरी और 60 वर्षीय गोपाल हैं। जबकि शांति चौधरी और छोटू चौधरी उर्फ जनक घायल हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेतालघाट में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।