उत्तराखंड के तीन रेलवे स्टेशनों की बदलेंगी तस्वीर, पीएम मोदी ने दिया तोहफा…

लालकुआं- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश के 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य की आधारशिला रखी है। जिसमें कुमाऊं मंडल का लाल कुआं रेलवे स्टेशन भी शामिल है।
इसी क्रम में लालकुआं रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट सहित जिले के सभी विधायक व रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने कहा अमृत भारत योजना के तहत इन सभी स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य होना है।
लालकुआं रेलवे स्टेशन को लगभग 24 करोड़ की लागत से जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण सहित अन्य सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लालकुआं रेलवे स्टेशन से भविष्य में वंदे भारत ट्रेन चलाए जाने की भी योजना है। भट्ट ने कहा कि लालकुआं रेलवे स्टेशन कुमाऊं का महत्वपूर्ण स्टेशन यहां से कई राज्यों के लिए लंबी दूरी की ट्रेन चलती है ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट में उत्तराखंड के 3 रेलवे स्टेशन शामिल किए गए है। जिसमें लालकुआं भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि स्टेशन को हाईटेक बनाने की योजना है। जिसमें छह मीटर का फुट ओवर ब्रिज विकसित किया जाएगा। प्लेटफार्मों के ग्रेनाइट फर्श के माध्यम से स्टेशन के अग्रभाग को बेहतर बनाया जाएगा, स्टेशन से लेकर बुकिंग काउंटर और वेटिंग रूम की सजावट को बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा बुकिंग काउंटर और वेटिंग रूम में फाल्स सीलिंग लगाई जाएगी। प्लेटफार्म नंबर 4 को भी ऊंचा किया जाएगा। और छह मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि भविष्य में लालकुआं से वंदे भारत ट्रेन के साथ-साथ कई ट्रेनों के चलाए जाने की योजना बनाई जा रही है।
वही बरेली मंडल के उप मंडल अधिकारी राजीव अग्रवाल ने बताया कि लालकुआं स्टेशन को अतिआधुनिक सुविधा से लैस किया जा रहा है।





