नैनीताल में बोटिंग करनी है तो पहननी होगी लाइफ जैकेट

सरोवर नगरी नैनीताल में इस समय पर्यटन सीजन शुरू हो गया है। यहाँ हजारों की संख्या में पर्यटक दूर-दूर से पहुँच रहे है। लेकिन फिर भी विभिन्न बोट स्टैंडों पर पर्यटक बिना लाइफ जैकेट के नौकायन करते नजर आ रहें है। जिसका संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी नैनीताल राहुल साह ने नगर पालिका की टीम के साथ तल्लीताल और मल्लीताल में स्थित बोट स्टैंडों का अचौक निरीक्षण किया गया। जहां निरीक्षण में 10 से अधिक नौकाओं में पर्यटक बिना लाइफ जैकेट के बोटिंग करते हुए पाए गए। ऐसे बोट चालकों को फटकार लगाते उपजिलाधिकारी साह ने उनके विरूद्ध चालानी कार्यवाही के साथ साथ लाइसेंस निरस्त करने हेतु नगर पालिका को निर्देशित किया।
वहीं कई पैडल बोट में भी कई पर्यटक बिना लाइफ जैकेट के बोटिंग करते पाए गए ऐसे बोट संचालकों के लाइसेंस निरस्त करने और झील में बिना लाइफ जैकेट उतरने वाले पर्यटकों का भी चालान काटने हेतु नगर पालिका को मौके पर निर्देश दिए गए। अलका होटल बोट स्टैंड में एक नौका चालक नशे में होने पाया गया जिसे मौके पर पुलिस के हवाले करते हुए कार्यवाही हेतु तल्लीताल पुलिस प्रभारी निरीक्षक को निर्देशित किया गया।
इस दौरान दर्शनघर के पास भी बोट स्टैंड पर पैडल बोट संचालक द्वारा बोटों पर संख्या न अंकित करने और बिना पालिका के अनुमति के प्रचार सामग्री पाए जाने पर उपजिलाधिकारी नैनीताल ने बोट स्टैंड को पालिका से सीज करवाया। कई बोट स्टैंडों पर गंदगी पाए जाने पर सबंधित नौका चालकों को सफाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। बता दें कि निरीक्षण में नगर पालिका कर निरीक्षक शिवराज नेगी, राजस्व निरीक्षक रैं सिंह और पालिका कर्मी मौजूद रहे।





