उत्तराखंडउत्तराखण्डक्राइमबड़ी-खबरराजनीतिहल्द्वानी

रामलीला मैदान के कथित ‘शुद्धिकरण’ मामले में कांग्रेस का कड़ा रुख, कार्रवाई के लिए पुलिस को कल 11 बजे तक का समय

पहले अधिवक्ता अंजू और युवक कांग्रेस पदाधिकारी दे चुके हैं तहरीर, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन करेगी कांग्रेस।

हल्द्वानी। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में 8 अगस्त 2026 को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित रूप से किए गए ‘शुद्धिकरण’ को लेकर कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। कांग्रेस ने इस पूरे प्रकरण को सामाजिक समानता, संवैधानिक मूल्यों और दलित समाज के सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इसी क्रम में सोमवार को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल कोतवाली हल्द्वानी पहुंचा और एसएसपी से मुलाकात कर पूरे मामले को लेकर तहरीर सौंपी। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपित व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस की जनसभा के बाद रामलीला मैदान में कथित तौर पर गंगाजल आदि का छिड़काव कर ‘शुद्धिकरण’ किया गया। कांग्रेस का कहना है कि यदि किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल लोगों की मौजूदगी के बाद किसी सार्वजनिक स्थल को ‘अशुद्ध’ मानकर उसका शुद्धिकरण किया जाता है, तो यह महज राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि जातिगत भेदभाव और नागरिकों की गरिमा से जुड़ा गंभीर प्रश्न है।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने लिखित तहरीर देते हुए कहा कि इस मामले में पुलिस प्रशासन को पहले भी शिकायतें दी जा चुकी हैं। अधिवक्ता अंजू द्वारा व्यक्तिगत रूप से तथा युवक कांग्रेस पदाधिकारियों की ओर से भी पूर्व में तहरीर दी गई थी, लेकिन अभी तक उन शिकायतों पर कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होना दुर्भाग्यपूर्ण है, इसलिए अब वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन से पुनः कार्रवाई की मांग की गई है।

तहरीर में भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 एवं 17 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। कांग्रेस ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कानून सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

“भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बयान सामाजिक सौहार्द के लिए दुर्भाग्यपूर्ण”—कांग्रेस

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस पूरे प्रकरण को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा कुछ दिन पूर्व दिए गए बयान ने मामले को और गंभीर बना दिया है। मीडिया में प्रकाशित रिपोर्टों के अनुसार, भट्ट ने रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण को उचित ठहराते हुए कहा था कि यदि कार्यक्रम के बाद मैदान का शुद्धिकरण किया गया तो इसमें गलत क्या है।

यह भी पढ़ें -  जमैका से जाम्बिया तक खुलेंगे रोजगार के द्वार! धामी ने युवाओं को ग्लोबल जॉब मार्केट से जोड़ने के दिए निर्देश

कांग्रेस ने कहा कि किसी सार्वजनिक स्थल के कथित शुद्धिकरण को सही ठहराने वाला ऐसा बयान सामाजिक सौहार्द के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे उन लोगों को राजनीतिक संरक्षण मिलने का संदेश जाता है, जिनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की जा रही है। कांग्रेस ने कहा कि संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक समानता के पक्ष में खड़े होने के बजाय इस प्रकार के कृत्य को उचित ठहराना समाज में गलत संदेश देता है।

“संविधान में विश्वास रखने वाले समाज के लिए यह गंभीर विषय”—यशपाल आर्य

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता, सम्मान और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार दिया है। अस्पृश्यता को पूरी तरह समाप्त किया जा चुका है। ऐसे में यदि किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल लोगों की मौजूदगी के बाद किसी सार्वजनिक स्थल को ‘अशुद्ध’ बताकर उसका शुद्धिकरण किया जाता है, तो यह बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण विषय है।

उन्होंने कहा कि इस मामले में पहले भी तहरीर दी जा चुकी है, इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होना चिंताजनक है। पुलिस प्रशासन को मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा कथित शुद्धिकरण को उचित ठहराया जाना और भी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सामाजिक भेदभाव और जातिगत मानसिकता के खिलाफ लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि संविधान में विश्वास रखने वाले प्रत्येक नागरिक और पूरे समाज की जिम्मेदारी है।

“रामलीला मैदान किसी की निजी संपत्ति नहीं, यह जनता का सार्वजनिक स्थल है”—सुमित हृदयेश

हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि रामलीला मैदान हल्द्वानी की जनता का सार्वजनिक स्थल है। यहां कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा हुई थी, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। इसके बाद यदि किसी व्यक्ति द्वारा जातिगत मानसिकता के तहत सार्वजनिक स्थल का कथित शुद्धिकरण किया गया है तो यह अत्यंत आपत्तिजनक है।

उन्होंने कहा कि “यह सिर्फ कांग्रेस या किसी नेता का अपमान नहीं है, बल्कि संविधान और सामाजिक समानता में विश्वास रखने वाले प्रत्येक नागरिक का अपमान है।”

सुमित हृदयेश ने कहा कि इस मामले में अधिवक्ता प्रीति और युवक कांग्रेस द्वारा पहले ही तहरीर दी जा चुकी है, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को लंबित रखने के बजाय निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के शिवम् ढौंडियाल का सत्यार्थी फेलोशिप-2026 के लिए चयन..

उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा इस कथित शुद्धिकरण को सही ठहराया जाना सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसे बयानों से कानून के बजाय राजनीतिक संरक्षण का संदेश नहीं जाना चाहिए।

“कल 11 बजे तक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन”—राहुल छिमवाल

नैनीताल जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि इस मामले में पूर्व में अलग-अलग तहरीरें दी जा चुकी हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में एसएसपी से मुलाकात कर पुनः तहरीर दी गई है और पूरे मामले में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

उन्होंने कहा कि “पुलिस प्रशासन को कार्रवाई के लिए कल सुबह 11 बजे तक का समय दिया गया है। यदि निर्धारित समय तक आवश्यक कानूनी कार्रवाई नहीं होती है तो कांग्रेस लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।”

कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि पूर्व में दी गई शिकायतों और वर्तमान तहरीर को गंभीरता से लेते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की जाए तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कल सुबह 11 बजे तक कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में कांग्रेस आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। कांग्रेस ने कहा कि संविधान की गरिमा, सामाजिक समानता और प्रत्येक नागरिक के सम्मान से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व विधायक रंजीत रावत, पूर्व विधायक प्रोफेसर जीत राम, पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, नैनीताल जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट, एससी कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंदर पाल आर्य, राजेंद्र सिंह बिष्ट ‘रज्जी’, देवेंद्र चुनौतिया, विनोद कुमार ‘पिंनू’, गिरीश पांडे, मनोज भट्ट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad