हल्द्वानी: यूओयू में हरेला महोत्सव के तहत 500 पौधों का होगा रोपण

हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) में 14 से 18 जुलाई 2026 तक हरेला महोत्सव के तहत वृहद पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया जाएगा। विश्वविद्यालय परिसर के सौंदर्यीकरण, हरित विकास और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में विभिन्न पुष्पीय, छायादार, फलदार एवं औषधीय प्रजातियों के लगभग 500 पौधे लगाए जाएंगे।
कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक पर्व है। विश्वविद्यालय इसे प्रकृति के प्रति सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी निभाने के अवसर के रूप में मना रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिकाधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. एच.सी. जोशी ने बताया कि पर्यावरणविद् डॉ. आशुतोष पंत अभियान के लिए निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराएंगे। परिसर में फल उद्यान और मियावाकी पद्धति पर आधारित मिश्रित वन विकसित करने की भी योजना है, जिससे जैव विविधता और हरित आवरण को बढ़ावा मिलेगा।






