उत्तराखंडउत्तराखण्डबड़ी-खबरराजनीतिहल्द्वानी

हल्द्वानी: CM धामी ने किया “हल्द्वानी सिटी बस सेवा” का शुभारंभ, जानें रूट और किराया…

हल्द्वानी: शहर के आम नागरिकों के लिए मंगलवार का दिन नई राहत लेकर आया, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस परिसर से हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सिटी बस सेवा का शुभारंभ शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस सेवा से नागरिकों को सस्ती, सुलभ और सुरक्षित परिवहन सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से शहर के यातायात दबाव में कमी आएगी, प्रदूषण घटेगा और ऊर्जा संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड के प्रत्येक नगर में आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था विकसित करना है, ताकि आम जन को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध हो सके।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि सिटी बस सेवा को चरणबद्ध तरीके से शहर के प्रमुख मार्गों पर प्रारंभ किया जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों तथा नौकरीपेशा लोगों को अधिक सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत (कालाढूंगी), राम सिंह केड़ा (भीमताल), मेयर गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, आईजी रिद्धिमा अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

शुरुआती चरण में बसें 3 रूटों पर चलेंगी

परिवहन विभाग के अनुसार, शुरुआती चरण में यह सेवा केवल तीन प्रमुख रूटों तक ही चलेंगी, इनका किराया 10 रुपये से लेकर 45 रुपये के बीच निर्धारित किया गया है। यह सिटी बस सेवा हल्द्वानी के निवासियों को ट्रैफिक जाम से राहत देगी और कम किराये पर बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगी। परिवहन विभाग के अनुसार जैसे-जैसे बसों की मांग बढ़ेगी, शेष तीन रूटों पर भी बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।

पहले चरण में ये तीन रूट शुरू होंगे

रानीबाग-लामाचौड़: (बस का रंग पीला) यह 45.6 किमी का रूट रानीबाग, काठगोदाम, तिकोनिया, रोडवेज, मुखानी, कठघरिया और फतेहपुर को जोड़ेगा।

काठगोदाम-बस स्टैंड: (बस का रंग नीला) 33.6 किमी का यह रूट नरीमन चौराहा, स्टेडियम, तीनपानी, गोरापड़ाव और पीलीकोठी होते हुए चलेगा।

हल्द्वानी बस स्टेशन-कालाढूंगी चौराहा: (बस का रंग हरा) 12.2 किमी का यह सबसे छोटा रूट रामपुर रोड, देवलचौड़, गैस गोदाम और मुखानी को कवर करेगा।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad