हल्द्वानी : ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत! परिवार में मचा कोहराम

हल्द्वानी- हल्द्वानी के भोटिया पड़ाव चौकी क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची भोटिया पड़ाव चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में
लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी कुमकुम धानक ने बताया कि सुबह करीब साढ़े सात बजे आवास विकास रेलवे क्रॉसिंग से करीब 150 मीटर आगे रेलवे ट्रेक पर शव मिलने की सूचना मिली थी।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी ली तो उसके पास से आधार कार्ड मिला। युवक की शिनाख्त भवाली के रेहड़ी निवासी मयंक पांडे के रूप में हुई। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मृतक के परिजनों को सूचना दी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मयंक पंजाब में एक कंपनी में जॉब करता था। करीब दो हफ्ते पहले वह छुट्टी पर घर लौटा था। मयंक के पिता रमेश चंद्र पांडे सेवानिवृत्त सैनिक हैं और मां सरोज पांडे मंगोली में एक सरकारी स्कूल में टीचर के पद पर तैनात हैं। मयंक माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। हादसे के कारणों की पुलिस छानबीन कर रही है।





