हल्द्वानी: नौकरी के लिए दिल्ली गए पति ने मध्य प्रदेश में रचाई दूसरी शादी! अब गायब..


हल्द्वानी- हल्द्वानी के थाना मुखानी क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां घर से नौकरी की बात कहकर दिल्ली गए एक व्यक्ति ने मध्य प्रदेश में दूसरी शादी कर ली। मामले में मध्यप्रदेश पुलिस कुछ दिनों पहले हल्द्वानी आई और भोटिया पड़ाव थाने में व्यक्ति की पहली पत्नी और ससुराल पक्ष से पूछताछ कर लौट गई।
इधर, महिला ने मुखानी थाने में पति की गुमशुदगी दर्ज कराई है। मुखानी निवासी महिला ने बताया कि इसी साल चार अक्टूबर को पति दिल्ली में नौकरी पर जाने की बात कहकर घर से गए थे।
23 अक्टूबर को पति से बात हुई। 14 नवंबर को सास के पास नए नंबर से फोन आया और उन्हें बताया कि आपके बेटे ने दूसरी शादी कर ली है। महिला का कहना है कि इस बारे में उसे कुछ पता नहीं है। जब उसने अपने देवर से पूछा तो उसने भी बड़े भाई के शादी करने की बात बताई। पति को फोन करने पर उन्होंने कहा कि वह दिल्ली में हैं। इसके बाद पति से कोई बात नहीं हो सकी है।
इधर, 25 नवंबर को मध्य प्रदेश पुलिस हल्द्वानी के भोटिया पड़ाव थाने में पहुंची और महिला से पूछताछ की। पुलिस कर्मियों ने बताया कि उसका पति मध्य प्रदेश की किसी युवती को लेकर भाग चुका है। अब व्यक्ति का नंबर बंद आ रहा है। महिला ने पति की गुमशुदगी दर्ज कराई है। मुखानी थानाध्यक्ष विजय मेहता ने बताया कि महिला की तहरीर पर उसके पति की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है।