केदारनाथ: बीजेपी-कांग्रेस ने किया कैंडिडेट्स का ऐलान


देहरादून- केदारनाथ उपचुनाव में कांग्रेस और बीजेपी ने अपने कैंडिडेट्स का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस से पूर्व विधायक मनोज रावत पर दांव खेला गया है तो वहीं बीजेपी ने महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक आशा नौटियाल को कैंडिडेट बनाया है। कांग्रेस के मनोज और बीजेपी से आशा दोनों आज सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस को रविवार दोपहर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से मनोज रावत को कैंडिडेट बनाए जाने का पत्र मिला। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि मनोज सोमवार को रुद्रप्रयाग में नामांकन दाखिल करेंगे। जोशी ने केदारनाथ में बड़ी जीत दर्ज करने का दावा किया।
वहीं रविवार देर शाम बीजेपी ने भी आशा नौटियाल को अपना कैंडिडेट घोषित कर दिया। पार्टी के केंद्रीय महासचिव और कार्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने नई दिल्ली में इसकी घोषणा की। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि पार्टी ने केदारनाथ क्षेत्र के सभी सियासी समीकरणों को ध्यान में रखकर आशा नौटियाल को टिकट दिया है। उन्होंने दावा किया कि दो बोर विधायक रह चुकीं है। आशा इस बार भी बड़े अंतर से जीत दर्ज करेंगी। उन्होंने कहा कि टिकट के ऐलान के बाद अब कार्यकर्ता एकजुट होकर बीजेपी को जिताने के काम में जुटने जा रहे हैं।