यूट्यूब देख खुद ही चीर दिया अपना पेट! फिर पहुंचा अस्पताल..


आज कल सोशल मीडिया आम जीवन पर इतना हावी हो गया है कि लोग अपनी जान की परवाह भी नहीं कर रहे है। ताजा हैरान करने वाला मामला उत्तर प्रदेश के मथुरा से सामने आया है। यहां एक युवक ने यू ट्यूब से ज्ञान लेकर अपना ऑपरेशन कर डाला। जिसके बाद हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खुद लगाए 11 टांके
बताया जा रहा है कि युवक को पेट दर्द हुआ तो यू-ट्यूब देखकर उसने अपना पेट का आपरेशन कर लिया। आपरेशन के बाद प्लास्टिक के धागे से खुद ही 11 टांके लगा लिए। दिक्कत होने पर युवक को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टर भी आपरेशन की कहानी सुनकर हैरान रह गए। युवक की बिगड़ी हालत देख डॉक्टरों ने भी हाथ खड़े कर दिए और उसे आगरा के एसएन मेडिकल कालेज हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक मथुरा जिले के सुनरख का 32 वर्षीय राजाबाबू अपने परिवार के साथ नहीं रहता है। बीबीए तक की पढ़ाई कर चुका राजाबाबू अकेला रहकर खेती-किसानी करता है। कई दिनों से उसके पेट में दर्द हो रहा था। इससे परेशान होकर उसने खुद ही अपने पेट का आपरेशन कर लिया। इसके लिए उसने पहले यू-ट्यूब पर पेट के आपरेशन में प्रयोग होने वाले आवश्यक उपकरणों को देखा और मथुरा स्थित मेडिकल स्टोर से ब्लेड, बेहोशी का इंजेक्शन, टांके लगाने के लिए जरूरी उपकरण व सुई ले आया।
सारा सामान लाने के बाद बुधवार दोपहर को घर पर पेट का आपरेशन करने के बाद उसने प्लास्टिक के धागे से 11 टांके लगा लिए। इसके बाद जब पेट दर्द असहनीय हो गया तो उसने परिजनों को बताया। राजाबाबू को लेकर भतीजा जिला चिकित्सालय पहुंचा। उन्होंने राजाबाबू को प्राथमिक उपचार देने के बाद आगरा मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया।
इधर, जिला संयुक्त चिकित्सालय के डा. शशि रंजन ने बताया कि राजाबाबू का 15 साल पहले अपेंडिक्स का आपरेशन हुआ था। पिछले दिनों से दर्द होने पर उसने पेट में सात सेंटीमीटर तक का चीरा लगा लिया और बाद में टांके लगा लिए। इससे पेट के अंदर संक्रमण फैल सकता है। युवक का उपचार किया जा रहा है।