अमर हैं शहीद सैनिक कमल सिंह भाकुनी! जिसने देश के लिए दी अपने प्राणों की आहुति

जब एक आर्मी का जवान जब शहीद होता है, तो पूरा देश रोता है। क्योंकि एक आर्मी का जवान पूरे देश की रक्षा करता है, अपना घर परिवार सब छोड़कर पूरे भारत देश की जनता की रक्षा करता है। एक बार फिर सैन्य भूमि उत्तराखंड का लाल मां भारती की सेवा पथ पर शहीद हो गया। ये खबर जैसे ही शहीद सैनिक कमल सिंह भाकुनी (24) के घर पहुंची मानो दुख का सैलाब टूट पड़ा। सोमेश्वर के तहसील के चनौदा, बूंगा निवासी सैनिक कमल सिंह भाकुनी मणिपुर में शहीद हो गए। उनका पार्थिव शरीर बुधवार को उनके गांव पहुंचेगा। ये दुखद खबर जैसे ही आई, क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, मणिपुर में तैनात 16 कुमाऊं रेजीमेंट के सैनिक कमल सिंह भाकुनी को ड्यूटी के दौरान संदिग्ध हालात में गोली लग गई। कमल चार वर्ष पूर्व ही सेना में भर्ती हुए थे। इतना ही नहीं कमल 25 दिन पहले ही छुट्टी के बाद ड्यूटी पर वापस लौटे थे। शहीद के पिता चंदन सिंह भाकुनी गांव में ही खेती-बाड़ी करते हैं जबकि मां दीपा भाकुनी गृहणी हैं। कमल का बड़ा भाई प्रदीप भाकुनी भी सेना में है।बताया गया है कि शहीद का पार्थिव शरीर बुधवार यानी आज उनके पैतृक घर पहुंचेगा।





