उत्तराखण्डक्राइमबड़ी-खबर

उत्तराखंड: दादी की हत्यारन निकली पोती! दोस्त के साथ गिरफ्तार

बीते मंगलवार को धर्मनगरी हरिद्वार में दिन दहाड़े घर में घुसकर बुजुर्ग महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मृतका की पोती व एक बीबीए के छात्र को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा व स्कूटी बरामद की गई है।

खुलासा करते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि बुजुर्ग महिला की हत्या का षडयंत्र उसकी पोती ने रचा था। जबकि हत्या की घटना को अंजाम पोती के दोस्त बीबीए के छात्र ने दिया था। बीते मंगलवार को गंगा सप्तमी के दौरान थाना ज्वालापुर क्षेत्र के चाकलान मोहल्ले में दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला की हत्या की सूचना पर ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंची।

जानकारी करने पर पता चला कि पेशे से पुरोहित अनुराग शर्मा गंगा सप्तमी के अवसर पर 14 मई को अपने परिवारजनो के साथ गंगा स्नान में पूजा अर्चना के लिए हर की पैड़ी गए हुए थे। उस वक्त उनकी बुजुर्ग मां घर पर अकेली थीं। दोपहर के समय चीख पुकार की आवाज सुन पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो उन्होंने बुजुर्ग महिला को लहुलुहान हालत में खून से लथपथ फर्श में पाया।

दिनदहाड़े घर में घुसकर बुजुर्ग महिला की हत्या को लेकर स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त हो गया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर पुलिस को पता चला कि घटना के दिन एक संदिग्ध युवक बीबीए का छात्र उदित झा उनके घर में आया था। जिस पर पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने हत्या की बात कबूलते हुए पूरे घटनाक्रम और हत्या की वजह सहित इसमें शामिल सभी किरदारों से पर्दा उठा दिया।

आरोपी उदित ने पूछताछ में बताया कि मृतका की पोती भूमिका (काल्पनिक नाम) का अनुराग के साथ व उदित झा का कनखल निवासी आयशा (काल्पनिक नाम) के साथ अफेयर है। भूमिका और आयशा एवं उदित झा और अनुराग भी आपस में दोस्त हैं। आयशा और उदित झा के प्राइवेट फोटो/वीडियो मृतका की पोती भूमिका के पास थी।

भूमिका अपने ब्वायफ्रेंड अनुराग को समय-समय पर घर से चोरी करके काफी पैसे देती रहती थी। जबकि अनुराग लोकल स्तर पर मात्र 10 से 15 हजार रुपए के बीच की नौकरी करता था। घर से धीरे-धीरे लगातार पैसे गायब होने पर मृतका अर्चना ने पैसे छुपाने शुरू कर दिए और जल्द ही वह समझ गई कि उसकी पोती भूमिका ही ऐसा करती है। इससे परेशान होकर भूमिका ने अपनी दादी को अपने रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और उदित झा को धमकी दी कि तू मेरी दादी को रास्ते से हटा दे वरना तेरी प्राइवेट वीडियो को वायरल कर दिया जाएगा। हत्या की योजना बनी कि जब घर के सभी लोग घर से बाहर चले जाएं तो युवक घर जाकर दादी का काम तमाम कर दे।

इस पर 14 मई गंगा सप्तमी के दिन मृतका बुजुर्ग महिला अर्चना के घर के सभी सदस्य गंगा स्नान पूजन के लिए हरिद्वार चले गए। तो भूमिका द्वारा उदित झा को अपने घर की सारी जानकारी उपलब्ध करवाकर सूचना दी गई कि आज हमारे घर पर जाकर मेरी दादी को रास्ते से हटा दो। जिस पर आरोपी उदित झा ने अंसारी मार्केट से हथौड़ा खरीदा और अपनी स्कूटी से घटना स्थल के पास पहुंचा और सीसीटीवी कैमरों से बचता हुआ मृतका के घर पर आया। जहां उसने मृतका पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा, स्कूटी व अन्य सामान बरामद कर लिया है।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad